Salary and Pension hike: केंद्र सरकार के तहत काम करने वाले हजारों कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा मिला है. केंद्र सरकार ने कई सार्वजनिक क्षेत्र की जनरल इंश्योरेंस कंपनियों (PSGICs), नाबार्ड और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन व पेंशन बढ़ाने की मंजूरी दे दी है. इस फैसले से करीब 93,000 से ज्यादा लोगों को लाभ पहुंचेगा.
वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. मंत्रालय के मुताबिक, इस कदम का मकसद कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना और पेंशनभोगियों की सामाजिक सुरक्षा मजबूत करना है. अनुमान है कि इस फैसले से कुल 46,322 कर्मचारियों, 23,570 पेंशनभोगियों और 23,260 परिवार पेंशनभोगियों को फायदा मिलेगा.
PSGIC कर्मचारियों का बढ़ेगा वेतन
सार्वजनिक क्षेत्र की जनरल बीमा कंपनियों (PSGICs) के लिए वेतन संशोधन 1 अगस्त, 2022 से लागू होगा. इससे वेतन बिल में कुल 12.41% की बढ़ोतरी होगी. मूल वेतन और महंगाई भत्ते (DA) में 14% की वृद्धि की गई है. इस संशोधन से 43,247 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा.
साथ ही, 1 अप्रैल 2010 के बाद नौकरी शुरू करने वाले कर्मचारियों के लिए NPS (राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली) योगदान 10% से बढ़ाकर 14% किया गया है. परिवार पेंशन को भी 30% की एक समान दर पर संशोधित किया गया है, जिससे 14,615 परिवार पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे.
PSGIC में नेशनल इंश्योरेंस कंपनी (NICL), न्यू इंडिया एश्योरेंस (NIACL), ओरिएंटल इंश्योरेंस (OICL), यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस (UIICL), जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (GIC) और एग्रीकल्चरल इंश्योरेंस कंपनी (AICIL) जैसी कंपनियां शामिल हैं.
नाबार्ड कर्मचारियों को 20% तक वेतन वृद्धि
सरकार ने नाबार्ड के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन व पेंशन संशोधन को भी हरी झंडी दिखा दी है. यह संशोधन 1 नवंबर, 2022 से प्रभावी होगा. नाबार्ड के सभी ग्रुप ‘ए’, ‘बी’ और ‘सी’ के कर्मचारियों के वेतन और भत्तों में करीब 20% की बढ़ोतरी की जाएगी. इससे करीब 3,800 सेवानिवृत्त और पूर्व कर्मचारियों को लाभ होगा.
RBI के पेंशनर्स को भी मिला लाभ
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए पेंशन और परिवार पेंशन में भी संशोधन किया गया है. 1 नवंबर, 2022 से बेसिक पेंशन प्लस महंगाई राहत में 10% की बढ़ोतरी की जाएगी. इससे सभी पेंशनभोगियों के मूल पेंशन में 1.43 गुना की वृद्धि होगी और मासिक पेंशन में उल्लेखनीय सुधार आएगा. इससे कुल 30,769 लोग लाभान्वित होंगे, जिनमें 22,580 पेंशनभोगी और 8,189 परिवार पेंशनभोगी शामिल हैं.








